संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कैथल को नेपाल में त्रिभुवन विश्वविद्यालय कृतिपुर काठमांडू नेपाल के साथ साझेदारी हुई है। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. डॉ. शमीम अहमद ने बताया कि यह समझौता ज्ञापन (एमओयू) छात्रों के लिए नेपाल में स्नातक और मास्टर स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में कौशल हासिल करने के रोमांचक अवसर खोलेगा।
उन्होंने बताया कि यह सहयोग फैशन और सौंदर्य, विपणन और डिजिटल संचार, व्यवसाय और प्रबंधन, कंप्यूटर विज्ञान और आईटी, डेटा विश्लेषण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड प्रबंधन और आईओटी, और उभरती प्रौद्योगिकियों के ऐसे अन्य क्षेत्रों में पाठ्यक्रम प्रदान करेगा।
डीन एकेडमिक प्रो. आरके गुप्ता ने इस एमओयू के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो छात्र इस सहयोग के माध्यम से अपनी शिक्षा प्राप्त करेंगे, वे क्रेडिट ट्रांसफर कार्यक्रमों से लाभ उठा सकेंगे। इसका मतलब यह है कि वे एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कैथल में अर्जित अपने अकादमिक क्रेडिट को नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय में स्थानांतरित कर सकते हैं, या इसके विपरीत, अपनी शैक्षिक यात्रा में एक सुचारु परिवर्तन सुनिश्चित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि समझौते के तहत छात्र एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कैथल में एक या दो सेमेस्टर की पढ़ाई कर सकते हैं और बाकी एक साल नेपाल में पढ़ सकते हैं। इसके अलावा, कोई भी व्यक्ति अपने प्रशिक्षण या शैक्षणिक अवधि के दौरान प्रति सप्ताह 20 घंटे तक काम कर सकता है। यह अनूठा अवसर छात्रों को 21वीं सदी के उभरते क्षेत्रों में अपने व्यावहारिक कौशल को बढ़ाने में सक्षम बनाएगा। साथ ही भविष्य के अवसरों और पेशेवर विकास के लिए एक वैश्विक पेशेवर नेटवर्क विकसित करने में मदद करेगा।
डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के कार्यान्वयन में एक कदम आगे बढ़ाते हुए एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कैथल को नेपाल में त्रिभुवन विश्वविद्यालय कृतिपुर काठमांडू नेपाल के साथ साझेदारी पर गर्व है। सहयोग के तहत एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय कैथल, बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए), बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) और मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में पाठ्यक्रम प्रदान करता है। ये पाठ्यक्रम एक व्यापक और उद्योग-प्रासंगिक पाठ्यक्रम सुनिश्चित करते हुए साझेदारी में डिजाइन किए गए हैं। इस एमआईयू के साइन होने पर सम्मानित विश्वविद्यालय प्रबंधक कमेटी चेयरमैन संदीप चहल ने कुलपति एवं समस्त स्टाफ को बधाई दी।