संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में नवजात शिशुओं के इलाज की सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होने जा रही हैं। वर्तमान 10 नवजात गहन चिकित्सा इकाई (निकु वार्ड) का नवीनीकरण कर 14 बेड का आधुनिक वार्ड बनाया जाएगा। इसके निर्माण से नवजातों और कम वजन वाले बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। निकु वार्ड को 2100 स्क्वायर फीट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यह वार्ड मार्च माह तक बनकर तैयार हो जाएगा।
इस वार्ड में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि 14 बेड का यह वार्ड स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। यहां पीलिया से पीड़ित नवजात, कम वजन वाले शिशु, प्रीमैच्योर डिलीवरी से जन्मे बच्चे और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त नवजातों का उपचार किया जाएगा।
छह बेड कंगारू मदर केयर के लिए ः डॉ. अग्रवाल ने बताया कि वार्ड में छह बेड कंगारू मदर केयर के लिए निर्धारित किए गए हैं, जिससे मां बच्चे के निरंतर संपर्क में रहकर बेहतर देखभाल कर सकेगी। उन्होंने कहाकि कंगारू मदर केयर सुविधा से मां और बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होता है, जिससे शिशुओं के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आता है। लोगों को इससे बहुत राहत मिलेगी।