गांव रोहेड़ा में 28 वर्षीय युवक की हत्या कर शव तालाब की सीढ़ियों पर फेंकने का मामला सामने आया है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई संदीप ने बताया कि उसका भाई गुरदीप शनिवार रात 9 बजे घर से गया था और पूरी रात वापस नहीं आया। रविवार सुबह सात बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने बताया कि उसके भाई का शव बाबा नवानाथ के डेरे के तालाब की सीढ़ियों पर पड़ा है। इस पर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। यहां उसने देखा कि उसके भाई के नाक व कान से खून निकला हुआ था। छाती और गुप्तांग पर भी चोट के निशान थे। इसके बाद उसने 112 नंबर पर फ ोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी भीरभान ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।