संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। गोभी की आवक अधिक होने के कारण सब्जी मंडी में गोभी के दाम बहुत गिर गए हैं। यहां तक कि सस्ते दामों पर भी कोई गोभी खरीद करने को तैयार नहीं है। गोभी की बिक्री न होने पर सब्जी मंडी के आढ़तियों ने गोभी को गोशाला में गायों के लिए भेज दिया।
आढ़ती पाली सैनी ने बताया कि इस समय गोभी की आवक बहुत अधिक है और खरीदार नहीं है। इस समय सब्जी मंडी में गोभी एक रुपये किलो है। इस रेट में तो सब्जी तोड़ने की मजदूरी भी पूरी नहीं होती है। इस कारण से किसानों को भी भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी में कोई खरीदार न होने के कारण सब्जी मंडी के आढ़तियों ने सारी गोभी स्वयं खरीद ली और उसे गौशाला में भेज दिया। सीवन की गोशाला में दो ट्राली और डेरा बाबा नागा योगाश्रम एवं गोशाला में एक ट्राली गोभी की भेजी गई हैं।
किसान राजेश रहेजा, जरनैल सिंह, सतीश सरदाना, सुरेंद्र सरदाना, अंतरजीत सिंह व अन्य ने बताया कि इस बार गोभी की पैदावार बहुत अधिक रही है। एक साथ अधिक गोभी आने के कारण गोभी के दाम भी बहुत कम हैं। मंडी में पूरे भाव न मिलने के कारण किसानों को गोभी को तुड़वाने की मजदूरी और मंडी में गोभी लाने का भाड़ा भी पूरा नहीं हो पा रहा है। कोई ऐसा कोल्ड स्टोर भी नहीं है जहां पर इसे स्टोर किया जा सके। ऐसे में किसान मंदे दामों पर सब्जी बेचने को मजबूर हैं।