कैथल। शहर में एक युवक की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है। उसकी दुकान और मकान पर एक निजी वित्तीय कंपनी का लोन चल रहा है। आरोप है कि 31 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे कुछ लोग उसकी दुकान पर पहुंचे और ताले तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। संदीप के अनुसार, पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना के दौरान उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस एक आरोपी को अपने साथ थाने ले गई थी लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। अगले दिन 1 जून को आरोपी दोबारा उसके पास पहुंचे और उस पर और उसके परिवार के सदस्यों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान का सामान भी बाहर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि दूसरी घटना की वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
जांच अधिकारी रवि ने बताया कि शिकायत के आधार पर महिपाल, पवन, नरेश, विनोद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।