फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: 12 साल बाद सेक्टर 18 व 21 की सड़कों का नए सिरे से निर्माण कार्य हुआ शुरू

Tue, 13 Jan 2026 01:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
सेक्टर 18 की एक सड़क पर बिछाई गई ब्लाक ईटें। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

कैथल। लंबे इंतजार के बाद सेक्टर-18 और सेक्टर-21 के निवासियों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार से इन दोनों सेक्टरों की सड़कों का नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 12 साल बाद हो रहे इस कार्य से सेक्टरवासियों को अब गड्ढों, टूटी सड़कों और बिखरी बजरी से मुक्ति मिलेगी। सड़कों का निर्माण ब्लॉक ईंटों से किया जाएगा, जिससे मजबूती और टिकाऊपन बढ़ेगा।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से इस परियोजना पर कुल 11 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों सेक्टरों की 12 मीटर चौड़ी अंदरूनी कुल 176 सड़कों को नए सिरे से बनाया जाएगा। निर्माण कार्य करीब दो महीने में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। एचएसवीपी ने ठेकेदार के माध्यम से कार्य शुरू करवा दिया है। लगभग 15 दिन पहले इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी।
विज्ञापन


सेक्टर-18 और 21 को करीब 12 साल पहले बसाया गया था, लेकिन इसके बाद से अंदरूनी सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया था। समय के साथ सड़कें टूटकर खस्ताहाल हो गईं और बीते आठ सालों से हालात और बदतर होते चले गए। सड़कें जगह-जगह से उखड़ चुकी थीं और उन पर बजरी बिखरी रहती थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती थी।

सेक्टरवासियों ने कई वर्षों तक सड़कों के निर्माण के लिए लिखित शिकायतें दीं। करीब दो साल से सड़कों से संबंधित फाइलें मुख्यालय और विभिन्न कार्यालयों के चक्कर काटती रहीं। कई बार प्रशासन और सरकार की ओर से आश्वासन मिले, लेकिन अब जाकर निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
बारिश के समय सड़कों से गुजरना सबसे ज्यादा मुश्किल होता था, क्योंकि पानी की निकासी नहीं हो पाती थी। नई सड़कों के निर्माण से सेक्टरों का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा और विकास को गति मिलेगी। -राहुल, सेक्टर-21
सड़कों की हालत इतनी खराब थी कि लोगों ने मकानों के बाहर बैठना तक बंद कर दिया था। दिनभर धूल उड़ती रहती थी और रात के समय टूटी सड़कों पर निकलना मुश्किल हो जाता था। अब दिन बदलेंगे। -नरेश कुमार, सेक्टर-18

आधा से एक फीट तक गहरे हो चुके थे गड्ढे

सेक्टरों की 12 मीटर चौड़ी सड़कों पर आधा फीट से एक फीट तक गड्ढे बन चुके थे। बारिश में इनसे गुजरना जोखिम भरा हो जाता था। कई जगह कंक्रीट पूरी तरह उखड़ चुकी थी। टूटी सड़कों पर दोपहिया वाहन चालक कई बार गिरकर घायल भी हो चुके थे। सड़कों पर जमा मिट्टी और बजरी से दिनभर धूल उड़ती रहती थी।
12 साल पहले शुरू हुआ था सेक्टरों में निर्माण
करीब 12 साल पहले सेक्टर-18 और 21 में मकानों का निर्माण शुरू हुआ था। धीरे-धीरे दोनों सेक्टरों का विस्तार हुआ और आज यहां करीब एक हजार मकान बन चुके हैं, जिनमें पांच हजार से अधिक लोग निवास कर रहे हैं। एचएसवीपी के इन सेक्टरों में अधिकतर नौकरीपेशा लोग रहते हैं। सेक्टरों का टैक्स अन्य कॉलोनियों की तुलना में अधिक होने के बावजूद सुविधाओं के अभाव से लोग लंबे समय से परेशान थे।
विज्ञापन

सेक्टर-18 और 21 की सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इस पर 11 करोड़ 45 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सेक्टरों के अंदर 12 मीटर चौड़ी कुल 176 सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। अब लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। -दीपक कुमार, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें