संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न व्यवसायों (ट्रेडों) में दाखिले की प्रक्रिया जून के प्रथम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। यह जानकारी संस्थान के प्रधानाचार्य भूपेंद्र पाल सिंह ने दी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्थान में आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों और मांग के अनुरूप व्यावहारिक कौशल प्राप्त होता है, जिससे पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
उन्होंने युवाओं से सरकार द्वारा संचालित तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज के समय में बेहतर और सुरक्षित भविष्य की कुंजी बन चुकी है। डिजिटल और औद्योगिक क्रांति के इस दौर में कुशल कार्यबल की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसकी पूर्ति में आईटीआई संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
ऐसे प्राप्त करें जानकारी : संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दाखिले से संबंधित जानकारी, नियमों अथवा अन्य पूछताछ के लिए विद्यार्थी और अभिभावक किसी भी कार्यदिवस में राजकीय आईटीआई कलायत में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा संस्थान के आधिकारिक ईमेल और फोन नंबर के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
समय रहते तैयार रखें दस्तावेज
प्रधानाचार्य भूपेंद्र पाल सिंह ने कहा कि दाखिले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए विद्यार्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। इनमें अंक तालिका, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। समय पर दस्तावेज तैयार होने से प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सकेगी।