संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई 12वीं के परिणाम जारी होने के बाद आगे पढ़ाई के लिए तमाम विद्यार्थियों का रुझान आईटीआई की ओर भी है। यह देखते हुए आईटीआई में भी अब दाखिले को लेकर प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने दस्तावेज तैयार करने के लिए कहा गया है। इसको लेकर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने दाखिला नोटिस जारी कर दिया है। जिले में 18 आईटीआई हैं। जिनमें से नौ सरकारी आईटीआई हैं। सभी आईटीआई में लगभग 6000 सीटें हैं।
विभाग द्वारा जारी किए गए नोटिस के मुताबिक राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2024-25 में दाखिला लेने के लिए इच्छुक आवेदनकर्ता उम्मीदवारों के पास आधार नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी एवं परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। अगर नहीं है तो वह प्रबंध कर लें। आईटीआई कैथल में कारपेंटर, कोपा एनसीवीटी और एससीवीटी, ड्राफ्टमैन सिविल, ड्रेस मेकिंग, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिस्ट, मैकेनिक एग्रीकल्चर मशीनरी, मैकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एप्लाइंस, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक डीजल डबल, पेंटर, प्लंबर, रेफ्रिजरेशन एवं कंडीशनिंग तकनीशियन, सीविंग टेक्नोलॉजी, स्टेनोग्राफर, वेल्डर, वेल्डर डयूल, वायरमैन ट्रेड हैं।
आईटीआई में दाखिले के लिए विद्यार्थी अपने दस्तावेज तैयार कर लें, ताकि आवेदन के दौरान दिक्कत न आएं। प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी और इसको लेकर संस्थान में हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे। -सतीश मच्छाल, आईटीआई प्राचार्य, कैथल।
राजकीय आईटीआई में सीटों की अनुमानित संख्या
आईटीआई
सीटें
राजकीय आईटीआई कैथल
1200
राजकीय आईटीआई महिला कैथल
300
राजकीय आईटीआई पूंडरी
500
राजकीय आईटीआई महिला पूंडरी
200
राजकीय आईटीआई कलायत
700
राजकीय आईटीआई राजौंद
500
राजकीय आईटीआई गुहणा
150
राजकीय आईटीआई गुहला चीका
400
राजकीय आईटीआई पबनावा
500