संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। इसके तहत शुक्रवार से आवेदन शुरू हो जाएंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज परिसर में नए सत्र की परिचायिका का विमोचन किया और साथ ही विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट का भी लोकार्पण किया।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बताया कि शास्त्री एवं आचार्य कक्षाओं के लिए जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वे इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. संजय गोयल, प्रो. भाग सिंह बोदला सहित अन्य अधिकारी और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय हरियाणा राज्य का एकमात्र संस्कृत विश्वविद्यालय है, जिसकी स्थापना भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं और शास्त्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि संस्कृत विश्वविद्यालय पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक युगीन आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारोन्मुखी, प्रायोगिक और कौशल-आधारित पाठ्यक्रम भी प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रमों की गहन समीक्षा कर रहा है। इसके लिए एक विशेषज्ञ समिति गठित की गई है, जो भारतीय ज्ञान-विज्ञान परंपरा के अंतर्गत पाली, प्राकृत, वास्तुशास्त्र, विधिशास्त्र, भूगोलशास्त्र, स्मृतिशास्त्र आदि विषयों पर नए पाठ्यक्रमों के सुझाव प्रस्तुत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे छात्रों को शास्त्रीय ज्ञान के साथ-साथ समसामयिक उपयोगिता भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय में व्याकरण, साहित्य, ज्योतिष, दर्शन, वेद, धर्मशास्त्र जैसे विषयों में शास्त्री (बीए) और आचार्य (एमए) पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके अलावा योग में बीए एवं एमए और हिन्दू अध्ययन में एमए के कोर्स भी उपलब्ध हैं। नवाचार एवं रोजगारोन्मुखी प्रायोगिक कार्यक्रमों के अंतर्गत वेद, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, वैदिक गणित, कर्मकांड में डिप्लोमा एवं हिन्दी-अंग्रेजी-हिन्दी में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में शास्त्री पाठ्यक्रमों के लिए कुल 250 सीटें निर्धारित हैं, आचार्य पाठ्यक्रम में 260 सीटें और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 350 सीटें हैं।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया है कि वे विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर (टीक, कैथल) में जाकर प्रवेश के लिए आवेदन करें।
प्रवेश प्रक्रिया की समय सारणी (2025-26)
बिना विलंब शुल्क आवेदन जमा करने की तिथि: 13 जून 2025 से 10 जुलाई तक
प्रथम मेरिट सूची होगी जारी: 14 जुलाई
शुल्क जमा करने की तिथि: 14 जुलाई से 16 जुलाई तक
रिक्त सीटों की सूचना: 17 जुलाई
रिक्त सीटों के लिए आवेदन (500 रुपये विलंब शुल्क सहित): 17 से 22 जुलाई तक
रिक्त सीटों पर प्रवेश सूची प्रदर्शन एवं शुल्क जमा: 23 जुलाई से 25 जुलाई 2025 तक
भौतिक उपस्थिति आधार पर प्रवेश (500 रुपये विलंब शुल्क के साथ): 28 से 30 जुलाई तक