कैथल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय ने शुक्रवार को जिला प्रशासन व पुलिस बल की मदद से पूंडरी की राजस्व संपदा में पनप रही अवैध कॉलोनी पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। इस दौरान हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड पूंडरी के एसडीओ अभिषेक कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे।
जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने बताया कि लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। विभाग ने पहले भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के आदेश दिए थे, लेकिन आदेशों की अवहेलना पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि एचडीआर एक्ट 1975 के प्रावधानों के तहत इन सभी अवैध निर्माणों को ढहाया गया। मौके पर पहुंची टीम ने मौके पर बनी मिट्टी की सड़कें, सीवरेज व बाउंड्रीवॉल को जेसीबी से ध्वस्त किया।
साथ ही संबंधित भू-स्वामियों व डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी गई है। डीटीपी ने आमजन से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लाट खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण व कॉलोनियों को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा। संवाद