संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जिसके चलते प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले दो दिनों से नदी में पानी का बहाव तेज है और किनारों पर खरपतवार बहकर आना शुरू हो गया है। हाल ही में डीसी प्रीति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ घग्गर नदी और नालों का निरीक्षण कर रखरखाव के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए थे।
भाकियू चढूनी के जिला उपाध्यक्ष चमकौर बनेड़ा, केवल सदरहेड़ी, आईटी सैल प्रभारी जरनैल सिंह जैली, लखविंदर सिंह, हरजिंदर नंबरदार, गुरजंट टटियाना सहित किसानों का कहना है कि अगर नदी में नियमित रूप से पानी आता रहा तो यह क्षेत्र के लिए फायदेमंद होगा। इससे भू-जल स्तर सुधरेगा और धान की फसल को भी लाभ मिलेगा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से बारिश का पानी घग्गर नदी के जरिए गुहला-चीका क्षेत्र में पहुंचता है। शुक्रवार को नदी का जलस्तर एक फीट कम हुआ था, लेकिन रात की बारिश के बाद शनिवार को यह फिर बढ़कर टटियाना पुल पर सरकारी गेज के अनुसार 17 फीट के आसपास जलस्तर पहुंच गया।
सिंचाई विभाग के एसडीओ अजमेर मलिक ने बताया कि फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है और बाढ़ सुरक्षा के सभी प्रबंध पूरे किए गए हैं।
41 गुहला-चीका: गुहला चीका से गुजर रही घग्गर नदी का जलस्तर।