संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका (कैथल)। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की करनाल यूनिट ने शुक्रवार को गांव कल्लर माजरा में विशेष नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान यूनिट के एएसआई विनोद कुमार ने कहा कि नशा सामाजिक कुरीति है, इससे दूर रहना ही बेहतर है।
उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। यह न केवल व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति को भी बर्बाद कर देता है। ऐसे में इस बुराई के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह जंग केवल कानून से नहीं, बल्कि जन-जागरूकता और सामाजिक सहयोग से जीती जा सकती है।
एएसआई विनोद कुमार ने अंत में लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशा बिकता दिखाई दे, तो बिना किसी भय के टोल-फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN, या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर तुरंत सूचना दें, ताकि तस्करों को पकड़ा जा सके।