फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोपी एसएचओ फिर दो दिन की रिमांड पर

विज्ञापन
विज्ञापन
कैथल। रिश्वतखोरी में फंसे चीका थाना प्रभारी जयवीर शर्मा को पुलिस ने फिर दो दिन की रिमांड पर ले लिया है। रिश्वत की रकम अब तक बरामद करने में असफल विजिलेंस टीम ने शनिवार को आरोपी एसएचओ को कोर्ट में पेश कर फिर रिमांड देने की गुहार लगाई। इस पर कोर्ट ने आरोपी से पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड और स्वीकृत कर दी। उधर कोर्ट परिसर के बाहर आरोपी एसएचओ के समर्थन में पहुंचे लोगों ने विजिलेंस की कार्रवाई की निंदा की। कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही।
विज्ञापन

दो दिन से पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी इंस्पेक्टर जयवीर शर्मा को शनिवार को विजिलेंस टीम ने न्यायालय में पेश किया। दो फरवरी को विजिलेंस टीम ने चीका एसएचओ को पांच हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था लेकिन रिश्वत की राशि बरामद नहीं कर पाई। इससे तीन फरवरी को न्यायालय में पेश कर आरोपी एसएचओ को एक दिन की रिमांड पर लिया। इसके बाद भी विजिलेंस नकदी बरामद नहीं कर सकी। शुक्रवार को फिर उसे न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया। शुक्रवार शाम को पुलिस आरोपी को लेकर चीका थाने गई जहां शौचालय की सीट तोड़कर और सीवरेज का ढक्कन उठाकर भी नकदी की तलाश की लेकिन नकदी बरामद नहीं हुई। शनिवार को फिर शर्मा को न्यायालय में पेश किया गया। जहां विजिलेंस ने बताया कि नकदी बरामद करने और अन्य बिंदुओं पर पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजा जाए। आरोपी के अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक गौतम ने बताया कि विजिलेंस को जब तीन दिन में नकदी नहीं मिली तो अब कहां से मिलेगी? जयवीर शर्मा ने रुपये नहीं लिए। न्यायालय में हमने यह बात रखी है कि विजिलेंस के पास नकदी बरामद करने के लिए कोई नया ग्राउंड नहीं है। पुलिस थाने में जिस अनिल नामक व्यक्ति को नकदी देने की बात कही जा रही है। उसने भी बयान दिए हैं कि वह दो फरवरी को थाने में आया ही नहीं था। ऐसे में सवाल उठता है कि विजिलेंस क्यों बार-बार रिमांड मांग रही है। उधर न्यायालय ने विजिलेंस की मांग पर आरोपी को दो दिन की रिमांड पर भेज दिया है। अब सोमवार को दोपहर फिर से उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उधर, कोर्ट परिसर के बाहर आरोपी एसएचओ के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जुटे। समाजसेवी राजू डोहर आदि ने कहा कि जयवीर शर्मा को फंसाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें