संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक को कनाडा भेजने के नाम पर 14.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव बराना जिला पानीपत निवासी प्रवीन कुमार को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेकर छह दिन का रिमांड हासिल किया है।
गांव अरनेचा निवासी जसवीर सिंह की शिकायत के अनुसार वह उसके बेटे मनप्रीत सिंह को विदेश भेजने चाहता था। उसकी बातचीत आरोपी प्रवीण कुमार से हुई। इसके कुछ समय बाद आरोपी प्रवीण ने उसे उसकी पत्नी रेणु देवी और पुत्र वंश से भी मिलाया व उसके बेटे को कनाडा भेजने की बात की। इसके लिए 25 लाख रुपये की मांग की। इस पर उनका 22 लाख रुपये में सौदा तैयार हो गया।
आरोपियों के कहे अनुसार उसने 14 लाख 50 हजार रुपये राशि उनके खाते में डलवा दी व अन्य दस्तावेज भी दे दिए। आरोपी ने बार-बार आश्वासन के बावजूद उसके लड़के को विदेश नहीं भेजा। जब उन्होंने रुपये वापस देने की मांग की तो आरोपियों ने इंकार कर दिया। आरोपी किसी अन्य मामले में जिला करनाल जेल में बंद था। उसकी उपरोक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए थे। पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस ने छह दिन के रिमांड पर लिया है।