21 मई रात्रि में ड्यूटी कर वापस घर जा रहे होमगार्ड जवान से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए आरोपी का एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर में नियुक्त होमगार्ड जवान राजपाल निवासी चंदाना 21 मई रात्रि को ड्यूटी कर घर जा रहा था। शिकायत के अनुसार जब वह अनाज के सरकारी गोदाम नजदीक पहुंचा तो, नीचे खदानों से अचानक आए कुछ अज्ञात युवकों द्वारा उसका रास्ता रोककर हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए 1100 रुपये नकदी लूट ले गए। थाना शहर में दर्ज मामले को चौकी अनाज मंडी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक पारस कुमार की टीम द्वारा मामले को सुलझाते हुए करीब 23 वर्षीय आरोपी नरेश उर्फ काला निवासी संडील जिला जींद हाल निवासी रजनी कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान वारदात में लिप्त उसके अन्य साथियों की पुख्ता पहचान कर ली गई, जिनकी गिरफ्तारी व नकदी की बरामदगी के लिए आरोपी नरेश का सोमवार को न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। संवाद