कैथल। शहर की एक महिला से शादीशुदा व्यक्ति ने मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद आरोपी ने साथ रहने का झांसा देकर दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला थाना में पांच के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विधवा महिला है। उसका एक पड़ोसी था। उससे उसकी बातचीत होती थी। आरोपी के दो बच्चे भी है। वह उसे शादी का झांसा देता था। आरोपी उसे तीन दिन पहले एक मंदिर में ले गया, वहां पर उसके साथ झूठी शादी कर ली। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वह उसके साथ रहेगा। कुछ दिन बाद उसने रहने से मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दी है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी करने से पहले एक नकली शपथ पत्र तैयार करवा लिया था। उस समय नशीला पदार्थ पिला दिया था। वह होश में नहीं थी। आरोपी के साथ उसके परिवार वाले भी मिले हुए थे। आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसके साथ कई बार मारपीट भी की। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए है। पीड़िता का मेडिकल करवा दिया गया है। महिला थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।