संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाली महिला आरोपी को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया। पुलिस को आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन का रिमांड मिला है।
पुलिस इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और एसआई रविंद्र कुमार की टीम ने बुधवार शाम को महिला आरोपी आरती संधु (प्रहलादपुरी, जगाधरी) को पोंटा साहिब, हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया था।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि फरल गांव निवासी इकबाल सिंह ने शिकायत की थी कि वह अपने बेटे होशियार सिंह को विदेश भेजना चाहता था। जून 2023 में यमुनानगर स्थित बेस्ट वीजा कंसल्टेंसी कार्यालय के विज्ञापन के आधार पर संपर्क किया गया। वहां कार्यालय संचालक आरती संधु, उसका भाई योगेश और एक अन्य व्यक्ति सुदेश ने पीड़ित को 10 दिन में न्यूजीलैंड का वीजा दिलाने का भरोसा दिया और काम कराने के एवज में कुल 16 लाख रुपये की मांग की।
शुरुआत में आरोपियों ने वादा किया कि वीजा बिना पैसे के लग जाएगा, लेकिन बाद में अलग-अलग तरीकों से पूरी राशि पीड़ित से ले ली। इसके बावजूद आरोपियों ने फर्जी वीजा तैयार किया और पीड़ित सहित दो अन्य युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट भेजा। इमिग्रेशन जांच में वीजा फर्जी पाए जाने पर तीनों को एयरपोर्ट से वापस कर दिया गया।
इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए और धमकियां देकर पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। थाना पूंडरी में मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई।