कैथल। अमेरिका भेजने के नाम पर नेपाल में एक व्यक्ति को बंधक बनाकर 45 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। उस पर आरोप है कि अमेरिका भेजने की बजाए आरोपी ने एक व्यक्ति को नेपाल में बंधक बनाकर जंगलों में रखा था। इस मामले में आरोपी पानीपत के नोहरा निवासी सुरेंद्र पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
घटनाक्रम के अनुसार काकौत निवासी युवक मोनू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 2021 में आरोपी अनिल कुमार और सुरेंद्र उसके गांव में आए और उसे विदेश भेजने की बात की। आरोपी अनिल ने बताया कि उसका साथी यशवंत पहले भी कई लोगों को अमेरिका भिजवा चुका है। इसके बाद आरोपी ने उससे पासपोर्ट और अन्य कागजात ले लिए और 45 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात हुई।
आरोपियों ने 22 फरवरी 2022 को उसे बताया कि उसका वीजा लग चुका है और 24 फरवरी को उसकी फ्लाइट है। आनन-फानन में उसने जमीन बेचकर 37 लाख रुपये जुटाए और शेष रकम आढ़ती से उधार लेकर आरोपियों को दे दी। वह और उसका भाई सोनू 24 फरवरी को रात को करीब आठ बजे दिल्ली पहुंचे। आरोपी उसे नेपाल ले गए। जहां जंगल में हाथ पैर बांध कर एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद फोन पर जबरन उससे उसके भाई को अमेरिका पहुंचने की सूचना दिलवाई।
दो मार्च 2022 को उसके भाई सोनू ने अपने परिजनों के साथ उनके पूंडरी स्थित कार्यालय में जाकर शेष राशि भी दे दी। फिर 21 मार्च को वह बड़ी मुश्किल से आरोपियों के चंगुल से छूटकर भाग निकला और नेपाल सीमा पर भारतीय सैनिकों को यह घटना बताई। वहां पर भारतीय सैनिकों ने उसे कुछ पैसे देकर दिल्ली के लिए रेल में बैठा दिया।
इस बारे में 20 अगस्त को थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि इस मामले में आरोपी पानीपत के नोहरा गांवी निवासी सुरेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में जो भी शामिल होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।