कैथल। फर्जी दस्तावेजों के जरिये वाहन आरसी कैंसिल कर सरकारी राशि हड़पने के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट की टीम की ओर से आरोपी गांव खुडलकलां जिला मानसा पंजाब निवासी हरविंद्र सिंह को काबू कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि 19 जून को टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि जींद बाईपास रोड स्थित बंद पड़े इंडियन पेट्रोल पंप के पीछे स्थित एक खान डिस्पोजल गोदाम में साहिल खान अपने साथी अश्विनी के साथ मिलकर वाहनों की ऑनलाइन आरसी कैंसिल कराने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहा है। इसमें दोनों व्यक्ति ऐसे वाहन मालिकों की आरसी कैंसिल करवाने की प्रक्रिया में शामिल रहते थे, जिनके नाम से मिलते-जुलते नाम वाले अन्य व्यक्तियों के आधार कार्ड और पैन कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। इन दस्तावेजों को अपने लैपटॉप पर अपलोड कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करते थे और सरकार की ओर से आरसी कैंसिल करने पर दी जाने वाली राशि को धोखाधड़ी से प्राप्त कर आपस में बांट लेते थे।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर गांव बालु निवासी साहिल खान को काबू कर लिया। साहिल खान ने बताया कि वह अपने साथी अश्विनी के साथ मिलकर ऐसे मामलों को अंजाम देता था। दोनों आरोपी समान नाम वाले व्यक्तियों के दस्तावेज जुटाकर ऑनलाइन आरसी कैंसिल करवाते थे और प्राप्त राशि को अपने खातों में मंगवाकर आपस में बांट लेते हैं। इस बारे में थाना सिविल लाइन में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को काबू कर लिया गया है। आरोपी हरविंद्र सिंह अन्य आरोपियों को आरसी कैंसिल करवाने के लिए दस्तावेज उपलब्ध करवाता था। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।