संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गिफ्ट वाउचर देने के नाम पर 14.55 लाख रुपये ठगी में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी चुर जिला मेरठ यूपी निवासी सिकंदर तलियान को काबू किया है।
अमरगढ़ गामड़ी निवासी निशांत की शिकायत के अनुसार उसकी एमएस जेएमसी ट्रेडर्स नाम से देवीगढ़ रोड में मोबाइल की दुकान है। वह ऑनलाइन मोबाइल खरीदने के लिए गिफ्ट वाउचर का प्रयोग करता है। इस पर ऑनलाइन मोबाइल खरीदने पर छूट प्राप्त होती है।
उसने 18 जनवरी 2024 को ऑनलाइन इंडिया मार्ट व लिंकडिन पर गिफ्ट वाउचर बेचने वाले की खोज की थी। इसके उसे लिंकडेन पर सिकंदर नाम के व्यक्ति की एक प्रोफाइल मिली।
उसने वाट्सएप पर चैट और गिफ्ट वाउचर खरीदने की बात पक्की हो गई और सिकंदर ने उसे कैंसिल चेक की एक फोटो प्रति भेज दी और कहा कि आप चेक में दिए खाते में रुपये जमा करवा दो। वह चार लाख 85 हजार रुपये के बदले पांच लाख रुपये के गिफ्ट वाउचर देगा। इस प्रकार से उसके साथ 22 जनवरी 2024 से लेकर 17 मार्च 2024 तक ऑनलाइन गिफ्ट वाउचर देने के नाम पर 14 लाख 55 हजार रुपये की ठगी हुई। थाना साइबर क्राइम में यह मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में एसआई रविंद्र सिंह की टीम ने जांच करते हुए आरोपी को काबू कर लिया गया। बरामदगी के लिए पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।