कैथल। ड्यूटी दौरान पुलिस के साथ मारपीट करने के मामले में आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि दो मई रात के समय थाना कलायत में सूचना प्राप्त हुई कि पवन व उसके पिता राजेंद्र सजूमा रोड पर अपने घर में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर थाना कलायत से एचसी रामकुमार, एसपीओ अशोक कुमार व होमगार्ड रणदीप सिंह कार्रवाई करने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
जब पुलिस पार्टी ने दोनों पिता- पुत्र को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस के साथ ही मारपीट शुरू कर दी और वर्दी फाड़ दी। फिर दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से चंपत हो गए। जांच के बाद आरोपी सजूमा रोड कलायत निवासी राजेंद्र व पवन को काबू कर लिया गया है। जिस बारे थाना कलायत में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। दोनों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए हैं।