कैथल। खनौरी रोड स्थित भारत ईको फ्यूल पेट्रोल पंप में साझेदारी कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर फतेहपुर निवासी युवक से करीब 1.30 करोड़ रुपये हड़प लिए। फतेहपुर निवासी हेमंत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसकी और उसके पिता की मुलाकात सुरेंद्र कुमार और हरिकेश से हुई थी। दोनों ने उसकी मुलाकात सुरेश कुमार से करवाई और पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी लेने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद शिव शक्ति ईको फ्यूल के नाम से फर्म बनाई गई और साझेदारी डीड तैयार की गई। शिकायत के अनुसार हेमंत ने अपनी प्रॉपर्टी पर करीब 60 लाख रुपये का लोन करवाया। इसके अलावा अपने और परिवार के खातों से करीब 35 लाख रुपये भारत ईको फ्यूल कंपनी को दिए। एनओसी कनेक्शन और अन्य कार्यों में करीब 90 लाख रुपये खर्च होने की बात शिकायत में कही गई है।
बिक्री में अनियमितता का आरोप
हेमंत के अनुसार सितंबर 2025 में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री शुरू हुई। इसके बाद उसे पता चला कि सुरेश कुमार बिक्री में अनियमितता कर रहा है। वह अपने पिता के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें बाहर निकाल दिया। आरोप है कि सुरेश के परिवार के साहिल कुमार ने बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
फर्जी रसीद बनाकर रकम लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप की एनओसी के लिए 50 हजार रुपये की रसीद कटवाई गई थी। बाद में इसी रसीद को फर्जी तरीके से तैयार कर 1.50 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा पेट्रोल पंप कार्यालय में रखी संयुक्त खाते की चेकबुक से 24 नवंबर 2025 को आठ लाख रुपये कंपनी को ट्रांसफर करवाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शहर थाना एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि गांव पट्टी खोत निवासी सुरेश कुमार और इंप्लॉइज कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।