गांव मालखेड़ी में बाइक से खेत में बने घर जा रहे करीब 68 वर्षीय व्यक्ति और उसकी पत्नी को अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी करीब 65 वर्षीय पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव मालखेड़ी निवासी जसमेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका खेत में घर है। रविवार को सुबह उसके पिता निरंजन सिंह और माता ओमपति देवी किसी काम से गांव में गए थे। जब वे वहां से वापस खेतों की तरफ जा रहे थे तो कैथल-खनौरी मेन रोड पर अज्ञात कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए वे उन्हें कैथल अस्पताल में लेकर आए, जहां उसके पिता को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत करार दे दिया। उसकी माता अस्पताल में दाखिल है।
मामले की जांच कर रहे एचसी जसबीर सिंह ने बताया कि मृतक बुजुर्ग का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।