ढांड रोड बाईपास चौक पर बस और कार की टक्कर में कार में सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें घायलावस्था में जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बस भी सफेदों में अटक गई, अन्यथा यह सड़क के साइड गहराई में पलट जाती। सुबह भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित नजर आए।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि चंडीगढ़ से हिसार जा रही हरियाणा रोडवेज की बस की ढांड रोड बाईपास चौक पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बस का अगला हिस्सा भी सफेदे के पेड़ के साथ टक्कर के कारण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और इसके आगे के शीशे टूट गए। कार में सवार पट्टी अफ्गान निवासी शैंकी और परगट सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें बाद में लोगों ने जिला अस्पताल में दाखिल करवाया। बस में सवार यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई आरंभ कर दी है।
चौक पर अक्सर होते हैं हादसे: इस चौक पर कोई भी संकेतक, डिवाइडर या अन्य उपाय नजर नहीं आते। जिससे हादसे रोके जा सकें। एक बार यहां पर हादसे रोकने के लिए बेरिकेड्स कोन लगाए गए थे। लेकिन अब ये भी नजर नहीं आते। जिस कारण यहां हादसे होने का डर रहता है। दो माह पहले ही यहां सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई थी। अब इस हादसे में भी मुश्किल से युवकों की जान बची है और बस में सवार न जाने कितने यात्रियों की भी जान इस हादसे में बच गई। इस चौक पर आवश्यक उपाय किए जाने चाहिए।
एसएचओ ट्रैफिक मुख्त्यार सिंह ने कहा कि बेरिकेड्स कोन की जरूरत अनुसार व्यवस्था की गई है। जितने थे, उतने सभी सड़कों पर लगाए गए हैं। इस चौक के लिए जैसे ही कोन मिलेेंगे, वहां लगाया जाएगा। यहां स्ट्रीट लाइट की भी जरूरत है। जो खराब है।