हरियाणा के कैथल के पूंडरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर एक कैंटर चालक ने मजदूरों से भरी पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला व एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य महिला व पुरुष मजदूर घायल हो गए। हाईवे पर यह हादसा पूंडरी से करीब चार किलोमीटर दूर सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ।
इस हादसे में करीब 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक ने जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंडरी में पहुंचाया और वहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया।
शिकायतकर्ता गांव राहड़ा जिला करनाल निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गांव से कई महिलाएं और पुरुष राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने डिवाइडर और दोनों तरफ सफाई का कार्य करने के लिए सुबह मजदूरी पर गए थे। एक स्थान पर सफाई करने के बाद वे जैसे ही आगे बढ़े और वहां काम शुरू करने व चाय पीने के लिए रुके हुए थे तो एक कैंटर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शिकायकर्ता की पत्नी कृष्णा की मौत हो गई। जब सभी मजदूरों को उपचार के लिए कैथल लाया गया तो वहां 30 वर्षीय युवक सुमित उर्फ रिंकू ने भी दम तोड़ दिया।
साथ पहुंचे ग्रामीणों ने युवक की मृत्यु होने पर डॉक्टर पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और उसे पीट दिया। बाद में अस्पताल के अन्य स्टाफ सदस्यों व मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत करवाया। ग्रामीणों का आरोप था कि डॉक्टर ने युवक के इलाज में लापरवाही बरती, जिससे उसकी मौत हुई है। जिस समय वे युवक को अस्पताल लेकर आए, उस समय वह सब कुछ बोल और सुन रहा था। गाड़ी में करीब 20 मजदूर सवार थे, उनमें से दो की मौत हुई है और 10 घायल हुए हैं।
पूंडरी थाना एसएचओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों का पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए उन्हें कैथल अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक महिला के पति की शिकायत पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।