संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/कैथल। बुच्ची गांव के एक युवक की अमेरिका में अचानक हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई। वह अमेरिका में बतौर ट्रक चालक के तौर पर काम करता था। उसका शव न्यू मैक्सिको में रखा गया है।
जानकारी मिली है कि दो दिन पहले उसे हार्ट अटैक आया और उसकी जान चली गई। युवक के साथ काम करने वाले लोगों ने उसके परिजनों को फोन पर इसकी सूचना दी। वह तीन बेटियों का पिता था।
बुच्ची गांव का निवासी 28 वर्षीय राहुल सवा एकड़ जमीन बेच कर करीब दो साल पहले अमेरिका गया था। उसकी मौत की सूचना से परिवार व गांव में मातम का माहौल है। उसके परिजनों ने सरकार से अपील की है कि बेटे का शव देश में लाया जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।
युवक राहुल अपने परिवार में इकलौता बेटा था। पिता गुलाब सिंह ने उसे सवा एकड़ जमीन बेचकर अमेरिका भेजा था। परिवार की आर्थिक स्थिति उस समय काफी खराब थी। उम्मीद थी कि युवक अमेरिका जाने के बाद वहां काम कर अच्छी कमाई करेगा और परिवार की गरीबी दूर करेगा, लेकिन दो साल में ही उसकी मौत हो गई।
राहुल की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। वह तीन बेटियों का पिता था। उसकी एक बड़ी बहन भी है, जाे शादीशुदा है। माता-पिता के बाद राहुल पर ही अपने परिवार की जिम्मेदारी थी। अब परिवार पर एक प्रकार से संकट आन पड़ा है।
गांव के लोगों ने सरकार से मांग की है कि युवक के शव को उसके घर लाया जाए। साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की स्थिति इतनी खराब है कि वे अपने बूते पर बेटे के शव को घर लाने में असमर्थ हैं। ग्रामीण सहायता की मांग कर रहे हैं।