कैथल। शहर के गीता भवन मंदिर के पास बाजार में ट्रक ने एक फॉर्च्यूनर कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में कार की दाहिनी तरफ की पिछली खिड़की और पायदान टूट गए। शिकायतकर्ता रामफल चहल निवासी गांव कोटड़ा के अनुसार वे 16 अक्तूबर की शाम परिवार और बच्चों के साथ अपनी कार में सवार होकर बाजार आए थे। इस दौरान करीब छह बजे ट्रक चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहन लेकर घुसा था।
प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक लेकर घुसा चालक
रामफल चहल ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे 16 अक्तूबर को शाम करीब पांच बजे परिवार सहित गीता भवन मंदिर के पास बाजार आए थे। करीब छह बजे तेजाब से भरा ट्रक नंबर पीबी 10 एच एक्स 8722 के चालक ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया और प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहन लेकर आया जिससे हादसा हुआ।
शराब के नशे में मिला ट्रक चालक
पुलिसकर्मियों के अनुसार 16 अक्तूबर को चीता राइडर-दो के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक ट्रक ने एक कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ट्रक चालक जुल्फी राम निवासी बड़ी कलां, खुंडियां, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश शराब के नशे में मिला। पुलिस ने अल्कोहल जांच मशीन से जांच करने के बाद उसका शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चालान किया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। ट्रक में तेजाब था।
रामफल चहल की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 और 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है। - सुशील प्रकाश, डीएसपी