संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत/गुहला-चीका। अलग-अलग स्थानों पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किसानों की तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। कलायत के बात्ता गांव और चीका क्षेत्र में हुए इन हादसों में कुल 27 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
कलायत के बात्ता गांव स्थित ब्राह्मणी वाला रोड पर मंगलवार को खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 20 एकड़ से अधिक फसल जल गई। प्रभावित किसानों में सुखा, साहब सिंह, जस्सू सहित कई अन्य शामिल हैं। किसानों ने बताया कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कटाई से ठीक पहले आग लगने से साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया। वहीं, गुहला-चीका के खरौदी रोड स्थित खेल स्टेडियम के पास सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। इस घटना में किसान रामफल की करीब 7 एकड़ खड़ी गेहूं की फसल जल गई, जबकि शिव कुमार के लगभग 6 एकड़ गेहूं के अवशेष भी आग की चपेट में आ गए।
प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं का कारण खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। चिंगारी गिरते ही सूखी फसल ने आग पकड़ ली और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आग लगते ही ग्रामीणों और किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू हो गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई से आग को अन्य खेतों तक फैलने से रोका गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घटनाओं के बाद किसानों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा देने और बिजली निगम की लापरवाही की जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइनों की मरम्मत की जाती, तो इन हादसों से बचा जा सकता था।
अपील : खड़ी फसल के पास आग न जलाएं
फायर ब्रिगेड इंचार्ज बलतेज सिंह ने लोगों से अपील की है कि खड़ी फसल के पास आग न जलाएं और खेतों में बीड़ी-सिगरेट का सेवन करने से बचें। उन्होंने सभी से सतर्कता बरतने की अपील की है। मौके पर पहुंचे पटवारी दिलबाग सिंह ने बताया कि टीम द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में किसान रामफल की 7 एकड़ फसल के जलने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
कलायत के गांव बात्ता के खेतों में भडक़ी आग की लपटें- फोटो : 1