संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को वार्ड कमेटियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वार्ड स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लाने और सदस्यों को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद सचिव पवन कुमार ने की।
बैठक में शहर के 31 वार्डों की समस्याओं और उनके स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच सदस्यों की कमेटी गठित की गई है, जो क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर उन्हें परिषद के माध्यम से हल करवाएंगी।
उन्होंने बताया कि हर वार्ड कमेटी का प्रधान संबंधित पार्षद होता है, जिसकी देखरेख में अन्य सदस्य साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और सड़कों की स्थिति पर नजर रखेंगे।
हालांकि बैठक में सभी वार्डों के सदस्य उपस्थित नहीं हो सके।
बैठक में विभिन्न वार्डों के सदस्यों और पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। इनमें सीवरेज, पेयजल की किल्लत और लावारिस पशुओं की समस्या प्रमुख रही।
नगर परिषद सचिव ने शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के कानूनी और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्ड कमेटियों के माध्यम से प्रस्ताव पारित कर विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृत कराया जा सकता है।
बैठक के अंत में सचिव ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे राजनीति से ऊपर उठकर वार्ड के हित में कार्य करें और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने में सहयोग दें।