फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रातभर ट्रांसफार्मर पर लटका रहा करंट की चपेट में आया व्यक्ति

Sat, 02 Jul 2016 12:42 AM IST
ब्यूरो कैथल
विज्ञापन
बिजली आने से हुई मौत - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
बिजली कर्मियों की हड़ताल हाबड़ी निवासी एक व्यक्ति की जिंदगी लील गई। गांव में बिजली में फॉल्ट आने पर फॉल्ट देखने यह व्यक्ति ट्रांसफार्मर पर जा चढ़ा। इसी बीच बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह करंट की चपेट में आ जाने के कारण ऊपर ही लटक गया। ऊपर से लापरवाही ये रही कि सूचना दिए जाने के बावजूद न तो बिजली निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही किसी ने बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए फोन उठाया। जिस कारण लगभग सारी रात उसका शव तारों पर झूलता रहा। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में रोष बढ़ गया। लोगों ने यहां पहुंचे सरकारी कर्मचारियों पर पथराव भी कर दिया। इसके बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला।
विज्ञापन



गांव हाबड़ी में बिजली आपूर्ति खराब होने पर गांववासी कर्मबीर सिंह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फॉल्ट देखने लगा। कहा जा रहा है कि वह थोड़ा बहुत बिजली का काम जानता था। उसने ऊपर चढ़ने से पूर्व बिजली आपूर्ति बंद करवा ली थी। लेकिन अज्ञात कारणों के चलते अचानक बिजली चालू हो गई। जिस कारण वह तारों के ऊपर ही लटक गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही का आलम यह रहा कि बिजली कटवाने के लिए अधिकारियों के फोन बजते रहे लेकिन अधिकारियों ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। गांव के सरपंच व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली अधिकारी और पुलिस को सूचना दी गई। पूंडरी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने मौके पर पहुंच कर बिजली विभाग के आला अधिकारियों को फोन करके बिजली को बन्द करवाने के लिए कहा, लेकिन फिर भी बिजली चलती रही, कोई कार्रवाई नहीं हुई।


कर्मबीर का शव लगभग सारी रात बिजली के पोल पर तारों के बीच लटकता रहा। इसी बीच लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने यहां पहुंचे पुलिस सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों पर पथराव कर दिया। बाद में एसडीएम नरेंद्र सिंह मलिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर करीब तीन बजे शव को तारों से नीचे उतरवाया। ग्रामीणों की जिला प्रशासन व सरकार से मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और उसकी पत्नी या किसी परिजन को सरकारी नौकरी दी जाए।
विज्ञापन


गांव के सरपंच पलविंदर सिंह ने कहा कि फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली अधिकारी ने कर्मबीर को पोल पर चढ़ाया था। अब यह पता नहीं कि उनसे लाईन काटने में कुछ चुक हुई या कुछ और कि कर्मबीर को बिजली का करंट लगा और तारों में ही उलझा रहा।

बिजली निगम पूंडरी के कार्यकारी अभियंता विजेंद्र सिंह नरवाल ने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार कर्मबीर निगम का कर्मचारी नहीं था वो प्राइवेट काम करता था, जो कि गांव के लोगों के कहने पर बिजली ठीक करने के लिए टयोंठा फीडर के एक पोल पर चढ़ा था। उस समय टयोंठा फीडर की बिजली पूर्ण रूप से बंद थी। लेकिन शाम करीब सात बजे जब गांव हाबड़ी की लाइट छोड़ी गई तब बैक फीडिंग के जरिए वो बिजली के करंट का शिकार हो गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खेतों और गांव की बिजली दोनों का कनेक्शन लेकर रखते हैं, जिस कारण बैक फीडिंग हुई और ये हादसा हुआ।
विज्ञापन


पूंडरी थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें