संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। देश के किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने वाली केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अन्नदाताओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत कैथल जिले में अब तक 94,997 किसानों को लाभ मिल चुका है। इन किसानों को अब तक 21 किस्तों में कुल 454.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू की थी। इसका उद्देश्य किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान करना, कृषि क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाना और किसानों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना है। योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) मॉडल है, जिसके तहत पात्र किसानों को प्रत्येक 4 महीने के अंतराल पर 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में, यानी प्रति वर्ष कुल 6,000 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में स्थानांतरित किए जाते हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, यह राशि किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रही है। जिले में इस योजना से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे आधुनिक खेती के तरीके अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
किसान इस सम्मान राशि का उपयोग अपनी फसल की जरूरतों के लिए कर सकते हैं। सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाकर किसान पराली प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण जैसी प्रगतिशील तकनीकें अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। -अपराजिता, डीसी कैथल
किसान सम्मान निधि योजना बीज खरीदने से लेकर खेती की आधुनिक तकनीकों को अपनाने तक किसानों की मदद कर रही है। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। -डा. सुरेंद्र यादव, उपनिदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग