जाट हाई स्कूल सोसाइटी के चुनाव के लिए दो पैनल आए मैदान में
सुरजेवाला गुट से इंद्र सिंह व पंचायती उम्मीदवार के रूप में रामफल मलिक ने प्रधान के लिए भरा नामांकन
दोनों पैनल से 15-15 उम्मीदवारों ने भी किया नामांकन
पूर्व प्रधान बलवान कोटड़ा ने भी दिया रामफल मलिक खुराना को समर्थन
फोटो संख्या-20 व 21
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जाट हाई स्कूल सोसाइटी के कॉलेजियम चुनाव के बाद अब प्रबंधक समिति के प्रधान के अलावा 14 अन्य पदों के लिए चुनावी बिसात बिछ गई है। इस बार भी दो पैनल बने हैं। जिसमें एक पैनल कांग्रेस के अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी व विधायक रणदीप सुरजेवाला समर्थक कॉलेजियम सदस्यों का है तो दूसरा पैनल रामफल मलिक खुराना ने बनाया है। जिन्हें पूर्व प्रधान बलवान सिंह कोटड़ा का भी समर्थन प्राप्त है। दोनों ही पैनल की ओर से 15-15 उम्मीदवारों ने वीरवार दोपहर बाद कॉलेज में पहुंच कर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब 14 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं और 16 फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। इसके बाद 3 मार्च को चुनाव होगा।
सुरजेवाला ने देर रात तक बैठक लेकर तय किए नाम : रणदीप सुरजेवाला ने अपने समर्थक कॉलेजियम सदस्यों के साथ बुधवार देर रात तक प्रधान व अन्य पदों पर नामों की चर्चा की। इसके बाद वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन सुरजेवाला गुट की ओर से प्रधान पद के लिए नौच से इंद्र सिंह, उप-प्रधान पद के लिए अधिवक्ता राकेश नैन, महासचिव के लिए प्रो. शमशेर सिंह ढुल, कैशियर के लिए जगदीप चहल सहित 11 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए सत्यवान शेरगढ़, राजेंद्र सिंह, दिलबाग, धर्मापाल, गंगाराज करोड़ा, कुलदीप सिंह, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, महाबीर सिंह, जंग सिंह व प्रताप सिंह गुहणा ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
वहीं दूसरी ओर गांव खुराना के सरपंच रामफल मलिक खुराना ने अपना पैनल तैयार करते हुए खुद को प्रधान पद के लिए पंचायती उम्मीदवार घोषित किया है। रामफल मलिक खुराना गुट की ओर से उनके अलावा बिमला देवी उप-प्रधान, जसवंत सिंह महासचिव, गुरदयाल सिंह नैन ने कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस पैनल में ओमप्रकाश ढांडा, कमल काजल, राजबीर सिंह, विक्रम सिंह, महाबीर, विकास राविश, चंद्रभान, राजेश लाठर, महाबीर सिंह, महंगा सिंह व हरेंद्र सिंह ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है।
चुनाव अधिकारी जेपी जागलान व रणबीर श्योकंद ने बताया कि प्रधान व कार्यकारिणी के 14 अन्य पदों के लिए वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। जिसमें दो पैनलों की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। आगामी 3 मार्च को 75 कॉलेजियम सदस्य प्रबंधक समिति का चयन करेंगे। 14 फरवरी तक नाम दाखिल करने वाले उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। 16 फरवरी को चुनाव निशान आवंटित किए जाएंगे।
प्रधान पद के उम्मीदवार इंद्र नौच ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला के नेतृत्व में वे संस्था सदस्यों को साथ लेकर विकास की नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। संस्था में शिक्षा के स्तर में ओर अधिक सुधार करते हुए नए-नए कोर्स लाकर बुजुर्गों के सपने को साकार करेंगे।
प्रधान पद के ही उम्मीदवार रामफल मलिक खुराना ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज की इस संस्था में शिक्षा की गुणवत्ता को ओर अधिक ऊंचाईयों पर लेकर जाना है। पूर्व के सदस्यों व पदाधिकारियों ने काफी काम किया है। उनका प्रयास रहेगा कि वे बच्चों के लिए रोजगारपरक कोर्स यहां शुरू करवाएं।
सुरजेवाला गुट व रामफल मलिक गुट के बीच होगा मुकाबला : इस चुनाव में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने सार्वजनिक तौर पर दूरी बनाई हुई है। रणदीप सुरजेवाला ने खुद अपने समर्थक कॉलेजियम सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर पैनल बनाया है। उनके साथ बैठक में करीब 62 कॉलेजियम सदस्य पहुंचे थे।
पूर्व प्रधान बलवान कोटड़ा ने कहा कि रामफल मलिक खुराना पंचायती उम्मीदवार हैं। उन्हें सभी का पंचायती उम्मीदवार के तौर पर समर्थन प्राप्त है। वे भारी मतों से विजयी रहेंगे। उन्हें जेजेपी, इनेलो हो या फिर भाजपा सभी का समर्थन मिलेगा और वे पंचायती उम्मीदवार के तौर पर विजयी होंगे।