गुहला क्षेत्र में चल रहे 100 से अधिक अवैध शराब के ठेके व उप-ठेकों पर शुक्रवार रात 12 बजे से पहले छापेमारी के आदेश
शराब की अवैध बिक्री की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज तीन अधिकारियों की टीम गठित कर जारी किए आदेश
गलत तरीके से सेवानिवृत्त कर्मचारी का रुपया हड़पने व बिजली विभाग द्वारा एक ही व्यक्ति पर दो बार चोरी के आरोप में केस दर्ज करवाने पर एफआईआर को कैंसल करवाने के आदेश जारी किए
कष्ट निवारण समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने लगाई अधिकारियों को फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुहला-चीका क्षेत्र में आबकारी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहे 100 से अधिक अवैध शराब के ठेकों व उप-ठेकों की शिकायत पर शुक्रवार रात्रि 12 बजे तक छापेमार कार्रवाई के आदेश जारी किए। छापेमारी भी गुहला से बाहर के अधिकारियों डीएसपी हैडक्रवार्टर, एईटीओ आबकारी विभाग एवं तहसीलदार की टीम को दिए। मंत्री शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। जहां गुहला-चीका से जगजीत सिंह ने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से 100 से अधिक शराब के ठेके व उप-ठेके चल रहे हैं। यदि उनकी बात झुठी तो उल्टा उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी जाए। उनकी बात का समर्थन करते हुए सीएम विंडो प्रभारी रवि तारांवाली, भाजपा नेता रतिराम, जिला महिला उपाध्यक्षा शैली मुंजाल व संगीता भी खड़े हो गए और शराब बिक्री बंद करने की मांग की। इस पर आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
क्लर्क संजय के खिलाफ एफआईआर के आदेश: पशुपालन विभाग के क्लर्क संजय के खिलाफ तीन बैठकों से चली आ रही जांच शुक्रवार को पूरी हुई। जिसमें संजय द्वारा सरकारी राशि को अपने खाते में डालने, जांच गुमराह करते हुए गल्त बैंक स्टेटमेंट देने व जीआईएस का फर्जी बिल लगाए जाने का दोषी पाया। जिस पर मंत्री ने उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर व पीड़ित कर्मचारी का सारा भुगतान करने के आदेश जारी किए। साथ ही अभी तक कर्मचारी को सस्पेंड ना करने पर भी विज ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। पुलिस से ही संबंधित एक एफआईआर पर विज कलायत एसएचओ के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और पीड़ित मटौर निवासी नीलम की उनके पति पर जानलेवा हमला करने की शिकायत पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करने तथा इस मामले में संबंधित डॉक्टर को पार्टी बनाने के निर्देश दिए।
20 दिन में 4 छापे, फिर एफआईआर, 1 लाख से अधिक जुर्माना भरवाया: विज ने भैणी माजरा निवासी रमेश व उसके भाइयों के घर 20 दिन में 4 छापे, एक लाख से अधिक जुर्माना भरवाने के बावजूद एफआईआर के मामले में सुनवाई करते हुए अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई और पूछा कि जब सुबूत ही नहीं है तो चोरी का दोबारा केस कैसे बना। उसके द्वारा बेवजह भरी गई राशि संबंधित समस्या का समाधान व उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापिस लेने के आदेश जारी किए। एसडीएम कमलप्रीत कौर को मामले की जांच के आदेश जारी किए।
24 साल पहले हुई बुजुर्ग की मौत, सिंचाई विभाग ने 8 साल पहले लगवा लिया अंगूठा -बैठक में अमरगढ़ गामड़ी निवासी गुरदास सैनी ने शिकायत दी कि मानस रोड पर उसकी भूमि का नाले के लिए अधिग्रहण किया गया। उसके पिता को मरे हुए 24 साल हो गए, जबकि विभगाीय अधिकारियों ने उसके पिता के नाम का 8 साल पहले अंगूठा लगा लिया, जो फर्जी है, ना उसका उन्हें अभी तक मुआवजा ही मिला। इस शिकायात पर विज ने अधिकारियों को 1 माह में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए।
1 साल से लटके नाले के निर्माण को पूरा करने के आदेश:-पार्षद वीरेंद्र बिल्लू की शिकायत थी कि 1 साल से चंदाना गेट के बाहर नाले का निर्माण कार्य अधर में लटका है। अधिकारी नहीं सुन रहे। इस मामले में विभाग ने रिपोर्ट दी कि नाला बन सकता है। इसी बीच एक भाजपा नेता, जिसका घर इस क्षेत्र में आता है, उस नाले के बनाए जाने का विरोध किया। बाद में जब पार्षद ने वहां स्कूल व गलियों में एकत्रित बरसात के पानी की फोटो दिखाईं तो विज ने कहा कि नाला बनाने में आपत्ति है तो इस क्षेत्र में पाइप डाल कर नाला बनवा दिया जाए।
गांव कुतुबपुर निवासी अमन कुमार की गांव में सामुदायिक केंद्र व चौपाल निर्माण में खर्च की गई राशि व ग्रांट जारी करते हुए असंवैधानिक शब्द लिखने की शिकायत पर विज ने उक्त शब्द हटवाने व शिकायतकर्ता को पूरा रिकॉर्ड दिखाने को कहा। अर्जुन नगर निवासी शेर सिंह की बुढ़ापा पेंशन न बनने पर मेडिकल करवाने, बलबेहड़ा निवासी पूनम देवी की दिव्यांग पेंशन बनवाने की शिकायत पर जीएमडीआईसी को शिकायतकर्ता का सिलाई का कार्य शुरू करवाने व विधायक को एक मशीन देने के निर्देश दिए। साथ ही पोबाला निवासी हजूर सिंह की लोक निर्माण विभाग की भूमि व फिरनी व गांव वासियों के अवैध कब्जे हटाने, कवारतन निवासी रमेश कुमार की पाइपलाइन डलवाने की शिकायत पर विधायक को आपसी सलाह से मसला निपटवाने, हुडा सेक्टर 19 निवासी राजकुमार की खेत में टयूबवेल कनेक्शन पर धान कटने पर जारी करने के निर्देश जारी किए।
मेरा स्कैनर काफी तेज है:-क्लर्क के खिलाफ एफआईआर के आदेश पर विज ने कहा कि अधिकारी व शिकायतकर्ता मामले को खत्म कर चुके थे। लेकिन उनका स्कैनर तेज है। इसलिए जांच करवानी पड़ी। इस पर सभी हंस पड़े।
आपका एडीसी तो काफी स्मार्ट व एक्टिव है: एक शिकायत के निपटारे के लिए विज ने एडीसी को याद किया तो किसी ने कहा कि वे छुट्टी पर हैं। इस पर विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि छुट्टी पर हैं या फरलो पर हैं। तो सभी की हंसी का फव्वारा छूट पड़ा। जब उन्हें नाम बताया गया तो फिर बोले आपका एडीसी को काफी स्मार्ट व एक्टिव है।
इस अवसर पर गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर, डीसी धर्मवीर सिंह, एसपी आस्था मोदी, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, एसडीएम कमलप्रीत कौर, जगदीप सिंह, संजय कुमार, सीटीएम विजेंद्र हुड्डा समेत विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।