आलू और खीरा हुआ सस्ता, टमाटर ने फिर बिगाड़ा स्वाद
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डेरा प्रमुख के मामले के चलते सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे सब्जियों के दाम बढ़ गए। टमाटर अब दोबारा से महंगा होने लगा है। पहले टमाटर 80 पर पहुंचा तो गिरावट के बाद 50 व 60 के बीच बिका। लेकिन दोबारा से अब टमाटर के रेटों में 10 से 20 रुपये का उछाल आया है। अब टमाटर का रेट 70 रुपये प्रति किलो है।
पिछले कई दिनों से कर्फ्यू सहित अन्य सुरक्षा कारणों के कारण दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिस कारण कई सब्जियों के दाम बढ़ गए। आढ़ती राजकुमार ने बताया कि हिमाचल, महाराष्ट्र व बिहार सहित अन्य राज्यों में बारिश होने के कारण टमाटर मंडी में नहीं पहुंच रहा है। जिस कारण इसके दामों में बढ़ोतरी हुई है। बारिश रुकने के बाद इसके दाम घटने के आसार है।
यह है सब्जियों के दाम
आलू -15 रुपये प्रतिकिलो जो पहले 20 रुपये था। प्याज 20 रुपये किलो है जो पहले 30 रुपये किलो था, टमाटर 70 रुपये प्रति किलो हो गया, जो 50 से 60 रुपये पर था, लौकी 13 रुपये प्रति किलो जो पहले 20 था, तोरी 20 से 25 रुपये किलो पहले 30 रुपये किलो, भिंडी 30 रुपये किलो जो पहले 40, खीरा 20 रुपये किलो जो पहले 40 रुपये किलो थी।