संवाद न्यूज एजेंसीकैथल। जिला और खंड स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में सरकारी स्कूलों के पहली से आठवीं तक के खिलाड़ी भी अब एक जैसी खेल पोशाक में नजर आएंगे। शिक्षा विभाग ने जिले के करीब 850 स्कूली खिलाड़ियों के लिए ट्रैकसूट खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग की ओर से जैम पोर्टल पर टेंडर जारी किया गया है। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रैकसूट खिलाड़ियों को वितरित किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग को ट्रैकसूट खरीदने के लिए मुख्यालय से 5 लाख 88 हजार रुपये का बजट मिला है। एक ट्रैकसूट की अनुमानित कीमत करीब 700 रुपये रखी गई है। विभाग की योजना के अनुसार जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले चयनित खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा।
सरकारी स्कूलों के खिलाड़ियों के सामने जिला और खंड स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में खेल ड्रेस को लेकर अक्सर परेशानी रहती है। कई बार आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण खिलाड़ी स्कूल की सामान्य ड्रेस या घर के कपड़ों में ही प्रतियोगिताओं में पहुंचते हैं। वहीं, निजी स्कूलों के खिलाड़ी निर्धारित खेल ड्रेस और ट्रैकसूट में मैदान में उतरते हैं। इससे सरकारी स्कूलों के खिलाड़ियों में हीनभावना भी पैदा होती है। शिक्षा विभाग की ओर से ट्रैकसूट उपलब्ध करवाए जाने से खिलाड़ियों को इस समस्या से राहत मिलेगी। प्रतियोगिताओं में सरकारी स्कूलों के खिलाड़ी भी एक समान ड्रेस में नजर आएंगे। इससे उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ने की उम्मीद है।
9वीं से 12वीं के खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ : शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल पहली से आठवीं कक्षा तक के खिलाड़ियों के लिए ट्रैकसूट खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मुख्यालय से बजट मिलते ही ट्रैकसूट के लिए जैम पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले के विभिन्न स्कूलों के करीब 850 खिलाड़ियों के लिए 5 लाख 88 हजार रुपये से ट्रैकसूट खरीदे जाएंगे। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही खिलाड़ियों को इनका वितरण किया जाएगा। -रमेश चहल, सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल), शिक्षा विभाग, कैथल