संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी किशोरियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन
अवश्य लगवाएं। जिले में 24 अप्रैल को मेगा टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। डॉ. रेनू चावला ने बताया कि जिले में करीब 8400 किशोरियों को यह टीका लगाया जाना है।
उपायुक्त वीरवार को वीसी रूम में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे रही थीं। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अहम भूमिका निभाता है।
बैठक से पहले अनुराग रस्तोगी ने टीकाकरण अभियान की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से पहले की किशोरियों को यह टीका लगाया जाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अध्यापक अभिभावकों को जागरूक करें और चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले लोगों को टीके के प्रति जागरूक करें। पंचायत स्तर पर भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। डॉ. रेनू चावला ने बताया कि जिले में करीब 8400 किशोरियों को यह टीका लगाया जाना है। मेगा टीकाकरण दिवस के तहत सभी खंडों के पीएचसी में होने वाले टीकाकरण के लिए ब्लॉक स्तर पर स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।
एचपीवी टीकाकरण और टीबी उन्मूलन पर जोर
राजौंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। डॉ. संदीप ने बताया कि किशोरियों को कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन लगाया जा रहा है। ग्रामीणों से भी अभियान में भाग लेने और भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। संवाद