पानी चोरी को लेकर 3 दर्जन किसानों के खिलाफ शिकायत दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। कुछ दिन पहले सिंचाई विभाग की टीम द्वारा सिरसा ब्रांच नहर पर पानी चोरी को लेकर की गई छापेमारी में 3 दर्जन किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार भुक्कल ने बताया कि कुछ किसानों द्वारा सिरसा ब्रांच नहर से पानी की चोरी की शिकायतें मिल रही थी।
उन्होंने बताया कि अधीक्षक अभियंता रवि मित्तल के निर्देश पर पानी चोरी रोकने के लिए एक टीम का गठन किया गया। टीम ने 28 जुलाई को सिरसा ब्रांच नहर पर कलायत हेड से लेकर गांव बात्ता भारी मात्रा में पानी चोरी के लिए प्रयोग किए जा रहे पाइप व इंजन कब्जे में लिए थे। कृष्ण चंद जिलेदार ने मौके का मुआयना कर नाजायज सिंचाई करने की रिपोर्ट तैयार की और कनिष्ठ अभियंता अखिल कौशिक की शिकायत पर सिंचाई एवं बिजली विभाग ने जींद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि नाजायज पानी चोरी में खरक पांडवा निवासी सत्ता, धीरा, रामनिवास, कर्मवीर, सतबीर, बलजीत, महेंद्र, सत्ता, मगनी, सिंदर, सुभाष, ईश्वर व धनोरी निवासी गब्बर, शर्मा, कृष्ण तथा कलायत निवासी पिरथी, भानी, जनका, देवी प्रकाश, महेंद्र सहित 34 लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। कार्यकारी अभियंता भुक्कल ने बताया कि पानी चोरी को रोकने व किसानों को टेल तक पानी पहुंचाने के लिए सिंचाई विभाग पूरी तरह से सजग है तथा निरंतर रूप से छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।