डंपिंग यार्ड विवाद : डीसी ने किया दौरा, आश्वासन पर किसानों ने 10 दिनों के लिए स्थगित किया धरना
किसानों ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की
डंपिग में कचरे को समतल कर ऊपर मिट्टी डालने के दिए आदेश
किसानों ने भी 10 दिन के लिए धरना किया स्थगित
फोटो नंबर-02, 03
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। खुराना रोड पर स्थित डंपिंग स्टेशन का स्थान बदलने की मांग पर चल रहा किसानों का धरना शुक्रवार को डीसी के दौरा करने के बाद आश्वासन पर 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। शुक्रवार सुबह डीसी धर्मबीर ने डंपिंग स्टेशन का दौरा कर अव्यवस्था को लेकर यहां के ठेकेदार को कड़ी फटकार भी लगाई। धरना दे रहे किसानों ने इस डंपिंग स्टेशन की जगह बदल भैणी माजरा में शिफ्ट करने और ठेकेदार द्वारा कचरे को डालने में की जाने वाली लापरवाही पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की। दौरे के दौरान डीसी के साथ नपा के सचिव कुलदीप मलिक, एमई राजकुमार शर्मा, सीएसआई मोहन भारद्वाज व ठेकेदार मोहन भी मौजूद रहा।
डीसी धर्मबीर ने डंपिंग स्टेशन के बाहर सड़क के पास कचरा डालने पर ठेकेदार को फटकार लगाई। डीसी ने कहा कि यहां पर ठेकेदार द्वारा कचरा डालने में काफी लापरवाही बरती जा रही है। इस नपा के अधिकारियों व ठेकेदार ने इस पर व्यवस्था बनाने की दलील दी। जिस पर डीसी ने कहा कि यहां पर कचरे के बड़े बड़े ढेर न लगाए जाए। जो ढेर लगे हैं, उन्हें मशीनों के माध्यम से समतल कर उसके ऊपर मिट्टी डाली जाए। उन्होंने कहा कि वे एक सप्ताह बाद दोबारा यहां पर आकर कचरा डालने की व्यवस्था की जांच करेंगे। इसके बावजूद भी ठेकेदार ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने किसानों को दिया आश्वासन : डीसी धर्मबीर ने किसानों के बीच जाकर किसानों की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि आपकी मांग जायज है। लेकिन समस्या भी बहुत बड़ी है। इसके लिए प्रशासन को वक्त दिया जाए। उन्होंने कहा कि जो प्लाट में कचरा पड़ा हुआ है, उसे जेसीबी से सही तरीके से प्रबंधन करने में किसी प्रकार की रूकावट न डाली जाए। किसान नेताओं ने ऐसा करने की प्रशासन को छूट दे दी। इसी के साथ कई मशीनों ने डंपिग प्लाट में भी कार्य करना शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष राम सिंह खुराना ने धरने को आगामी फैसले तक फिलहाल स्थगित किए जाने की घोषणा की। इससे पूर्व धरना स्थल पर भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतनमान की अध्यक्षता में किसान पंचायत आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुखपाल मोठसरा, प्रदेश कोषाध्यक्ष सतपाल दिलोंवाली, किसान नेता सुरेश खुराना, लालू राम खुराना, सुबे सिंह नंबरदार, अमृत सिंह कालू वाली गामड़ी, देशा प्रधान, छोटूराम, पृथ्वी सिंह, ऋषिपाल, मुख्तियार सिंह, जियालाल कुलतारन, लहणा सिंह, रामपाल, सतपाल, बचना रम, पोलूराम सहित काफी संख्या में किसान मौजूद थे।
कचरा डालने के लिए मिली दस दिन की राहत : तीन दिन से डंपिंग प्वाइंट पर कचरा न डालने देने के कारण नगर परिषद अधिकारियों को परेशानी हो रही थी। अब धरना स्थगित होने के चलते नगर परिषद अधिकारियों को कम से कम दस दिनों की तो राहत मिली।