कैथल। खेड़ी गुलाम अली गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ विदेश भेजने के नाम पर छह लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी गुलाम अली निवासी लखविंद्र सिंह ने बताया कि तीन नवंबर 2021 को पटियाला के न्यूलता एन्कलेव निवासी विक्रम सिंह व लुधियाना पेखोवाला रोड करनैल नगर निवासी परमजीत सिंह एक कार में उसके घर आए और कहा कि वे लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। वे उसके भतीजे तजिंद्र सिंह को विदेश भेज देंगे और वहां पर उसकी नौकरी भी लगवा देंगे। इसके लिए 24 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। आरोपियों ने पटियाला में कार्यालय होने की बात कही।
लखविंद्र सिंह ने बताया कि उसने 12 जनवरी 2021 को दोषियों के कहे अनुसार दो लाख 75 हजार रुपये उनके खाते में भेज दिए। साथ ही चार लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी उसके भतीजे को विदेश भेजने के नाम पर टालमटोल करने लगे और उसके भतीजे का पौलेंड देश का नकली वीजा व टिकट तैयार कर दी और उसके भतीजे को दिल्ली बुला लिया।
लखविंद्र सिंह ने बताया कि चार दिसंबर 2022 को वह अपने भतीजे के साथ दिल्ली गए तो जहां से वे उसके भतीजे को अमेरिका न भेजने के कारण वापस आ गए। वापस आकर जब आरोपियों ने पैसे वापस मांगे तो वे टालते रहे। छह माह बाद महीने बाद आरोपियों ने एक लाख 25 हजार रुपये के दो चेक दिए। शेष राशि नकद देने की बात कही। इसके बाद दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके पैसे देने से इंकार कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।