संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। फेसबुक पर फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाकर लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भगवान नगर, लुधियाना (पंजाब) निवासी अंशुल ठाकुल के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गुहला निवासी इकबाल सिंह ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने फेसबुक पर स्टॉक मार्केट से जुड़े एक आकर्षक विज्ञापन पर क्लिक किया, जिसके बाद एक्सिस डायरेक्ट के नाम से एक वेबसाइट खुली। वेबसाइट पर शिकायतकर्ता से उसके दस्तावेज और निजी जानकारी साझा करवाई गई। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी ट्रेडिंग वॉलेट तैयार कर दिया।
आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर खुद को एक नामी ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और निवेश पर आठ प्रतिशत मुनाफा दिलाने का लालच दिया। शिकायतकर्ता को भरोसे में लेने के लिए आरोपियों ने सेबी का फर्जी प्रमाणपत्र भी भेजा। इसके बाद उसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। शिकायतकर्ता ने जुलाई 2025 में विभिन्न तिथियों पर अपने एक्सिस बैंक और पीएनबी बैंक खातों से कुल 60 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय तक रकम ट्रेडिंग वॉलेट में दिखाई देती रही, लेकिन जब पैसे निकालने का प्रयास किया गया तो ठगी का पता चला।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई नरेश कुमार की टीम ने की। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुल ठाकुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले में पहले भी एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान आरोपी अंशुल ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की राशि के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।