जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हालांकि बीते दिनों में रोजाना मिलने वाले मरीजों की संख्या कम रही है, लेकिन अब फिर से संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। रोजाना औसतन आधा दर्जन मरीज डेंगू से पीड़ित पाए जा रहे हैं। रविवार को भी जिले में डेंगू के 6 नए मरीज पाए गए। इनमें से 4 को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है, जबकि 2 का इलाज अस्पताल के बाहर जारी है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 317 मरीज पाए जा चुके हैं। इनमें से 220 मरीज कैथल शहरी क्षेत्र में व बाकी ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू से बचाव के लिए लगातार कार्य कर रहा है। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ फॉगिंग व संभावित क्षेत्रों में दवा का छिडक़ाव किया जा रहा है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि डेंगू को रोकने में विभाग का सहयोग करें। अपने आसपास अनावश्यक पानी जमा न होने दें।