संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिलेभर में शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को बुनियाद स्तर दो की परीक्षा का आयोजन किया गया। इसके लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा में 1182 में से 54 गैरहाजिर रहे। 1128 विद्यार्थी शामिल हुए। यह संख्या प्रदेश में सबसे अधिक 95.43 प्रतिशत तक रही।
परीक्षा केंद्रों में सुबह साढ़े 10 बजे से विद्यार्थियों की एंट्री शुरू की गई और 11 बजे तक एंट्री चली। विद्यार्थियों के अपने परीक्षा कक्ष में उपस्थित होते ही सभी को ओएमआर शीट दे दी गई और इससे पहले उन्हें ओएमआर शीट व पेपर से संबंधित कुछ जानकारी दी गई। साथ ही जिन बच्चों को शीट भरने में परेशानी हुई उनकी शीट परीक्षा प्रभारी ने भरवाई।
परीक्षा सुबह 11:30 बजे शुरू हुई जो दोपहर डेढ़ बजे तक चली। दो घंटे की इस परीक्षा में छात्रों से गणित आधारित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक प्रश्न चार अंकों का था, और कुल परीक्षा 200 अंकों की थी।
गौरतलब है कि परीक्षा में -1 की नकारात्मक अंकन प्रणाली को भी शामिल किया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बताया कि छात्रों ने इस परीक्षा में अत्यधिक उत्साह के साथ भाग लिया। परीक्षा में 95.43 प्रतिशत की उपस्थिति जिला कैथल में दर्ज की गई, जो छात्रों और उनके अभिभावकों के सहयोग और जागरूकता को दर्शाता है। अब इस परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को लेवल-3 के लिए चुना जाएगा। लेवल-3 में छात्रों से एक विषय आधारित पेपर लिया जाएगा। इसके बाद पूरे प्रदेश से चुने गए तीन
हजार छात्रों को मिशन बुनियाद के तहत स्थापित 103 केंद्रों पर उनकी शिक्षा शुरू कराई जाएगी।
मिशन बुनियाद के तहत इन केंद्रों में छात्रों को एक प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान किया जाएगा, जहां उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की ओर से छात्रों को अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन केंद्रों को हरियाणा के प्रत्येक ब्लॉक में स्थापित किया गया है, और इनकी कक्षाओं में डिजिटल टेक्नोलॉजी सहित पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मिशन बुनियाद का उद्देश्य प्रदेश के छात्रों की शैक्षणिक नींव को मजबूत करना और उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुचारु और पारदर्शी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। इस आयोजन में शामिल सभी छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, और परीक्षा केंद्र प्रभारियों का विभाग ने धन्यवाद व्यक्त
किया है।