छात्रा की कोहनी लगने से कपड़ों पर गिरी चाय, गुस्साए अध्यापक ने चौथी कक्षा की छात्रा को पीटा
पुलिस ने अध्यापक के खिलाफ दर्ज किया मामला, अध्यापक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव पीड़ल के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में चौथी कक्षा की छात्रा से कपड़ों पर चाय गिरने के कारण गुस्साए अध्यापक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे गुस्साए परिजनों ने रोष प्रकट किया और हाथापाई भी की। बाद में अध्यापक जिला अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा की मां आशा रानी ने बताया कि उसकी बेटी खुशी गांव पीड़ल के प्राथमिक पाठशाला में चौथी कक्षा में पढ़ती है। अध्यापक बीरबल सिंह ने उसकी बेटी की बेरहमी से पिटाई की। उसे पता चला तो उन्होंने बेटी का इलाज करवाया और मेडिकल करवाकर पुलिस को शिकायत दी।
थाना चीका प्रभारी अजीत राय ने बताया कि शिकायत के अनुसार 18 अक्तूबर को स्कूल में ही मेज पर रखी चाय छात्रा की बाजू लगने के कारण अध्यापक के ऊपर गिर गई थी। जिससे गुस्साए आरोपी अध्यापक ने छात्रा के साथ मारपीट की। जिस का परिजनों ने मेडिकल करवाकर शिकायत दी थी। इसी बीच छात्रा के कुछ परिजन अध्यापक के सामने रोष प्रकट करने पहुंचे और बताया जा रहा है कि वहां हाथापाई भी हुई है। अध्यापक जिला अस्पताल में दाखिल था। लेकिन बाद में वह वहां से फरार हो गया। पुलिस ने छात्रा की मां की शिकायत पर आरोपी अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।