फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: 5011 छात्रों ने दी 12वीं की फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा

Thu, 19 Feb 2026 12:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


कैथल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा बुधवार को जिलेभर में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों की उम्मीद के साथ फिजिकल एजुकेशन विषय की परीक्षा दी। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां की थीं, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल मिल सके।

जिले में कुल 5011 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। इनमें आरकेएसडी स्कूल सहित अन्य प्रमुख शिक्षण संस्थान शामिल रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी देखने को मिली, जो बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए समय से पहले पहुंच गए थे।
विज्ञापन


प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई थी, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। केंद्र में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की पुलिस कर्मियों द्वारा गहन जांच की गई। किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी।

परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई। परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक चली। इस दौरान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, फोटोस्टेट की दुकानों और संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रही।

जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहे। इसके अलावा केंद्रों के आसपास नियमित गश्त भी की गई।

परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। परीक्षा कक्षों और परिसर में लगाए गए कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी केंद्रों का निरीक्षण करते नजर आए। फ्लाइंग स्क्वॉड की टीमें भी पूरे समय सक्रिय रहीं और परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करती रहीं।

प्रश्न देखकर मिली राहत
बोर्ड परीक्षा पर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी देखने को मिली। छात्रा तनु संधु ने बताया कि परीक्षा अपेक्षाकृत सरल रही और उन्होंने सभी प्रश्नों का उत्तर दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले मन में यह डर था कि जो तैयारी की है, उसी से प्रश्न आएंगे या नहीं। हालांकि प्रश्न पत्र देखने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली।
विज्ञापन


मेहनत का मिलेगा फल
विद्यार्थी ज्योति ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष नियमित मेहनत की है और अच्छे परिणाम की उम्मीद कर रही हैं। उनके अनुसार 12वीं की परीक्षा विद्यार्थी के जीवन की महत्वपूर्ण कड़ी होती है, जो आगे के कॅरिअर की दिशा तय करती है। इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य व्यर्थ गतिविधियों से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया। ज्योति ने कहा कि प्रश्न पत्र आसान था और उन्हें 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें