संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका भेजने के नाम पर 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी गांव मस्तगढ़ निवासी सतपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच थाना गुहला एसएचओ एसआई रखा की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार की टीम ने की।
पुलिस प्रवक्ता जगदीश के अनुसार, चीका के वार्ड 6 निवासी जसविंदर सिंह ने शिकायत दी थी कि उसकी गांव सुल्तानिया में दुकान है, जहां सतपाल सिंह और उसका बेटा ओमप्रकाश आते-जाते रहते थे। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2021 में दोनों ने उसे बताया कि सतपाल का साला परमिंद्र लालका चंडीगढ़ में विदेश भेजने का काम करता है और वह उसका अमेरिका का वीजा लगवा सकता है।
कुछ दिनों बाद सतपाल सिंह, उसकी पत्नी बंसो देवी, बेटी भूपिंदर कौर, बेटा ओमप्रकाश और परमिंद्र लालका थार गाड़ी में उसकी दुकान पर आए और भरोसा दिलाया कि परमिंद्र कई युवकों को विदेश भेज चुका है। इस पर पीड़ित की 40 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की सहमति बन गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पहले 25 लाख रुपये नकद दिए और बाद में वीज़ा प्रक्रिया के बहाने 20 लाख रुपये और ले लिए। इसके बावजूद न तो वीज़ा लगा और न ही उसे विदेश भेजा गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सतपाल सिंह को काबू कर लिया। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।