संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस टीम ने नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव खम्बेड़ा को नशा मुक्त घोषित किया गया।
दाबनखेड़ी, रत्ताखेड़ा, चाबा और चाणचक गांव में सोमवार को पुलिस टीम ने पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। पुलिस टीम में डीएसपी कुलदीप बेनीवाल की अगुवाई में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत और सोनिया, एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर आदि शामिल रहे।
पुलिस प्रवक्ता जगदीश ने बताया कि नशा समाज के लिए अभिशाप बन चुका है और लाखों परिवार इससे प्रभावित हुए हैं। नशे की लत में फंसे युवा देश की नींव के लिए खतरा बन रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा छोड़कर पढ़ाई और खेल में कड़ी मेहनत करें।