एक्सईएन ने सड़क निर्माण एजेंसी को किया तलब
एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा देवबन से राजौंद सड़क के चौड़ा करने के प्रोजेक्ट पर काम
अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया है मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से बनाए जाने वाली देवबन से राजौंद तक खस्ताहाल सड़क के निर्माण मेें हो रही देरी पर एक्सईएन ने टेंडर लेने वाली एजेंसी को तलब किया है। एजेंसी को शीघ्र ही काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
विदित रहे कि देवबन से राजौंद तक 20 करोड़ रुपये की लागत से 20 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। इस सड़क के निर्माण के लिए मार्च 2018 में टेंडर छोड़ा गया था। सितंबर 2019 तक इसका काम पूरा होना है। लेकिन अभी तक भी काम शुरू नहीं किया गया है। सड़क इतनी खस्ताहाल है कि यह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। लोगों को भारी परेशानियां हो रही हैं।
अमर उजाला द्वारा इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। जिस पर एक्सईएन राजकुमार ने संबंधित एजेंसी को तलब किया। उन्होंने बताया कि एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि यहां सड़क निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए। ताकि लोग परेशान न हों। तब तक गड्ढों को मिट्टी से भरने का भी काम किया जा रहा है। प्रयास रहेगा कि जल्द ही काम शुरू हो जाए। जिससे लोगों को इस परेशानी से मुक्ति मिल सके।