‘साफ पीने का पानी तो दे दो सरकार’
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी आने पर शुक्रवार को खुराना रोड स्थित कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान लोगों ने समस्या के समाधान की मांग पर खनौरी-पटियाला रोड पर जाम लगा दिया। जिस कारण यातायात काफी प्रभावित हुआ। जब खुराना रोड पर जाम लगा रहे लोगों की समस्या सुनने के कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा तो वे अपनी समस्या का मांग पत्र लेकर डीसी कार्यालय में पहुंचे। जहां उन्हें डीसी नहीं मिली और वे एडीसी के पास समस्या के समाधान के लिए गए। जिसके बाद एडीसी ने एक्सईएन को फोन कर तुरंत समाधान की मांग की।
बता दें कि सीवरेज के बंद होने व पीने के पानी सप्लाई को लेकर वीरवार को जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में नगर परिषद अध्यक्ष सहित अन्य पार्षद धरने पर बैठ गए थे। जिसके बाद विभाग के एसई द्वारा समस्या पर बातचीत के बाद धरने को समाप्त किया था।
जाम लगा रहे गुस्साए कालोनीवासियों ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश के दौरान मौसम में सीवरेज व्यवस्था बंद पड़ी है। पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी आ रहा है। वार्ड नंबर 5 के पार्षद संजय भौरिया, निर्मला, अशोक कुमार, राजेश, नरेन्द्र कौर, चन्द्रशेखर, सुशील कुमार, साहब कुमार ने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के पास जा चुके हैं लेकिन आश्वासन के सिवाय उन्हें कुछ नहीं मिला। इससे वे बेहद परेशान हैं। ऐसे में कालोनी वासी सीवरेज की गंदगी मिला पानी पीने के लिए मजबूर हैं। इससे उनकी कालोनी के कई लोग बीमार पड़े हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सात-आठ महीने से वे अपनी समस्या को लेकर वार्ड के पार्षद से लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के कई कई चक्कर लगा चुके हैं लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। सीवरेज व्यवस्था ठप होने के कारण लोगों के घरों में गंदगी भरने लगी है। सफाई करने वाले कर्मचारी कालोनी में नहीं आते हैं।
एडीसी ने दिए एक्सईएन को समाधान के निर्देश
जाम लगा रहे लोगों की जब कोई अधिकारी सुनने के लिए नहीं पहुंचा तो वे सचिवालय पहुंच गए और वहां पर रोष प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि जब उनकी किसी ने नहीं सुनी तो उन्हें प्रदर्शन जैसा कठोर कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर आकर बैठ जाएंगे। उसके बाद वे एडीसी कार्यालय में पहुंचे। वहां उन्होंने एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह को गंदे पानी की बोतलें दिखाते हुए कहा कि आप स्वयं ही देख लें कि उनके घरों में कैसा पानी सप्लाई हो रहा है। इसके बाद एडीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को फोन कर लोगों की इस तरह की समस्या का हल करने के निर्देश दिए।
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।