खबर छपी तो मचा हड़कंप, डीईटीसी ने लिखा एसपी सहित सभी एसएचओ को पत्र
नेशनल और स्टेट हाईवे सहित शहर के चौक दर चौक पर अवैध रूप से बिक रही शराब का अमर उजाला ने किया था खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर में अवैध रूप से बिक रही शराब पर अमर उजाला के खुलासे के बाद रविवार को हड़कंप मच गया। शाम तक पुलिस ने कई जगह छापेमार कार्रवाई भी की। वहीं एक्साइज विभाग ने भी इस पर कड़ा संज्ञान लेकर कार्रवाई की बात कही है। इसके अलावा भाजपा नेताओं ने भी आला अधिकारियों से मिलकर इस मामले में कार्रवाई की बात कही।
अमर उजाला ने शहर में विभिन्न चौक-चौराहों सहित नेशनल व स्टेट हाईवे पर सरेआम शराब बिक्री के मामले को प्रमुखता से उठाया। रविवार के अंक में प्रकाशित समाचार पर शहर में भी खूब चर्चा रही।
नगर परिषद चेयरमैन यशपाल प्रजापति ने कहा कि शहर में इस तरह से शराब बिक्री खतरनाक है। इससे लोगों पर गलत असर पड़ता है। वे स्वयं इस बारे में डीसी व एसपी को पत्र लिखेंगे। साथ ही इस तरह के कार्य पर रोक लगाने की अपील करेंगे। अमर उजाला के प्रयास सराहनीय हैं। कई गरीब लोग शराब के आदि होकर घर की कमाई भी शराब पर खर्च कर देते हैं। जिससे उस परिवार को परेशानी होती है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने शराब बिक्री की जगह निर्धारित की है। इसलिए वहीं पर शराब की बिक्री हो। इस तरह से हर जगह शराब की बिक्री शहर के लिए सही नहीं हैं। इस बारे में अधिकारियों से बात की जाएगी।
वहीं डीईटीसी नरेंद्र कौशिक ने कहा कि विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। शीघ्र ही यह अभियान चलाया जाएगा। उधर, पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम कई जगह छापेमार कार्रवाई की गई।
डीसी संजय जून ने कहा कि यदि ऐसा है तो संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। मामले में आवश्यक कार्रवाई होगी।