कैथल। अमेरिका भेजने के नाम पर छह आरोपियों ने एक युवक से 40 लाख रुपये ठग लिए। डेरा भाग सिंह निवासी हरविंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने गुहला थाना में सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हरविंद्र सिंह ने बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। आरोपी राजेश कुमार से एक जून 2022 को उसकी बातचीत हुई। उसने बताया कि उसका मामा नरेंद्र सिंह युवाओं को अमेरिका भिजवाने का काम करता है। उसकी डोंकी व अमेरिका दूतावास में एजेंटों से पहचान है। वह 20 दिन में युवाओं को अमेरिका भेज रहा है। अमेरिका भेजने के लिए 50 लाख रुपये लेता है, लेकिन जान-पहचान होने से वह पांच लाख रुपये कम ले लेगा। वह राजेश के झांसे में फंस गया।
छह जून को उसने घर बुलाया। वहां आरोपी राजेश और रामेश्वर को पांच लाख रुपये, पासपोर्ट और अन्य कागजात दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि जल्दी जाने के लिए अभी 35 लाख रुपये देने होंगे। सभी पैसे पिहोवा की अनाज मंडी में आढ़तियों के पास रख देंगे। विदेश जाने के बाद हम आढ़ती से पैसे ले लेंगे। उन्होंने 30 लाख रुपये की नकदी और पांच लाख रुपये का चेक पिहोवा के आढ़तियों को दे दिए। आढ़ती ने इस पैसे की रसीद भी दे दी थी। उनके पास पैसे देते हुए का वीडियो भी है। इसके अलावा भी आरोपियों ने 50-50 हजार रुपये कई बार उनसे लिए।
हरविंद्र ने बताया कि आरोपियों ने 16 जून को फोन करके बताया कि उसका वीजा आ गया है। वह दिल्ली गया, वहां आरोपियों ने उन्हें 20 दिनों तक होटल में ही रखा। इसके बाद उसे न्यूयार्क की टिकट दिया। 14 जुलाई को आरोपी उसे कोलकाता ले गए। 16 जुलाई को आरोपियों ने नकली वीजा और टिकट दे दिया, जिसके कारण उसे एयरपोर्ट पर प्रवेश नहीं मिला। आरोपियों से संपर्क किया तो पैसे देने से मना कर दिया। पैसे लेने को लेकर उनकी कई बार पंचायतें भी हुई, लेकिन आरोपियों ने उनके वापस नहीं किए।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि चीका थाना में आरोपी आईटीआइ चौक करनाल निवासी नरेंद्र सिंह, लाडवा निवासी रामेश्वर दास, गुहला निवासी राजेश कुमार, पिहोवा निवासी आढ़ती दयानंद, पिहोवा निवासी आढ़ती राजबीर सिंह व चीका निवासी आढ़ती सतीश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
एनीडेस्क अपलोड करवा खाते से दो लाख ठगे
कैथल। ऐनीडेस्क अपलोड करवाकर अज्ञात आरोपी ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से दो लाख रुपये धोखाधड़ी पूर्वक निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कलायत के दीपक वर्मा ने साइबर थाना में दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर चलाने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर लेकर उस पर एनीडेस्क एप अपलोड करवाया। उसके अलग-अलग खातों से दो लाख रुपये निकलवाकर धोखाधड़ी की। मामले के जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।